


खड़गपुर, 26 फरवरी (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल में 28 फरवरी 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले रेलकर्मियों के सम्मान में गुरुवार को साउथ इंस्टीट्यूट ऑडिटोरियम में एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कुल 62 कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन), खड़गपुर मनीषा गोयल ने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों को पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) तथा सेवानिवृत्ति निपटान से संबंधित अन्य दस्तावेज प्रदान किए।

इस अवसर पर मनीषा गोयल ने कर्मचारियों की दीर्घकालीन सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा ने मंडल की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाया है।
उन्होंने रेलवे परिवार के प्रति उनके बहुमूल्य योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के सुखद, स्वस्थ और संतोषपूर्ण जीवन की कामना की। समारोह में मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
