आसनसोल, 26 फ़रवरी (हि. स.)। बहुचर्चित अवैध कोयला तस्करी मामले में गुरुवार को आरोपित अनूप माझी उर्फ लाला ने आसनसोल अदालत में पेश होकर एक बार फिर पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया। सफेद रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ अदालत परिसर पहुंचे अनूप माझी सीधे सीबीआई कोर्ट में प्रवेश कर गए, जहां इस चर्चित मामले की सुनवाई निर्धारित थी।

उनकी पेशी को लेकर अदालत परिसर में असामान्य हलचल और सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली। हालांकि, निर्धारित दिन पर सुनवाई नहीं हो सकी क्योंकि न्यायाधीश तो उपस्थित थे लेकिन मामले से जुड़े अन्य आरोपित उपस्थित नहीं हो पाए। अब इस हाई-प्रोफाइल केस की अगली सुनवाई 27 मार्च को तय की गई है।

गौरतलब है कि इस मामले में हाल ही में सुप्रीम कोर्ट द्वारा अनूप माझी को मिली गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा को हटा दिया गया है। इसके साथ ही सर्वोच्च न्यायालय ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को उन्हें 14 दिनों की हिरासत में लेकर पूछताछ करने की अनुमति भी प्रदान की है। सूत्रों के अनुसार, यह महत्वपूर्ण आदेश लगभग एक सप्ताह पूर्व जारी किया गया था, जिसके बाद से मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अनूप माझी उर्फ लाला की पेशी को लेकर अदालत परिसर में वकीलों, सुरक्षा एजेंसियों और आम लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना रहा।
इस बहुचर्चित अवैध कोयला तस्करी मामले को पूर्वी भारत के सबसे बड़े आर्थिक अपराध मामलों में से एक माना जा रहा है, जिसमें कई बड़े नामों की जांच भी विभिन्न एजेंसियों द्वारा की जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और अन्य जांच एजेंसियां इस मामले की हर कड़ी को खंगाल रही हैं। —————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
