बरेली, 27 फरवरी (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के बरेली शहर की रिजर्व पुलिस लाइन का परेड ग्राउंड गुरुवार रात को पुलिस परिवार की एकजुटता का साक्षी बना। पुलिस कल्याण गतिविधि के तहत आयोजित ‘बड़ा खाना’ कार्यक्रम में अफसर और जवान एक ही पंगत में नजर आए। अधिकारियों ने न केवल कार्यक्रम में शिरकत की, बल्कि खुद थाली उठाकर जवानों को भोजन परोसा और उनके साथ जमीन पर बैठकर खाना खाया।

कार्यक्रम में एडीजी रमित शर्मा, डीआईजी अजय कुमार साहनी, जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। औपचारिक भाषणों के बजाय अधिकारियों ने सीधे जवानों के बीच पहुंचकर संवाद किया। इससे माहौल आत्मीय और पारिवारिक बन गया।

आयोजन की शुरुआत अनुचर एवं तृतीय श्रेणी कर्मचारियों (फॉलोअर्स) और आरटीसी की महिला पुलिसकर्मियों को भोजन कराकर की गई। इसके बाद विभिन्न थानों, शाखाओं और इकाइयों से आए पुलिस अधिकारी व कर्मचारी एक साथ पंक्ति में बैठे। रैंक और पद की दूरी मिटती नजर आई। ‘बड़ा खाना’ के जरिए पुलिस महकमे ने संदेश दिया कि विभाग में हर पद की अहमियत है। सामूहिक भोज ने आपसी तालमेल और भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में नई मिसाल पेश की।——————
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
