सीवान, 27 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिला सिवान के भाजपा कार्यालय, चांप ढाला में एकदिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन आज किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं उद्घाटनकर्ता महाराजगंज के पूर्व सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल थे।कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के जलपान एवं पंजीकरण के साथ हुई। वर्गगीत, दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के साथ शिविर का विधिवत उद्घाटन किया गया। इसके पश्चात सीवान भाजपा इकाई की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत एवं परिचय सत्र आयोजित किया गया।

शिविर में राजू भंडारी ने पार्टी के वैचारिक अधिष्ठान पर अपने विचार रखते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन की मूल विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए कार्य कर रही है।
प्रदेश महामंत्री शिवेश राम ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से संगठनात्मक ढांचे एवं कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया। वहीं भाजपा के इतिहास एवं विकास यात्रा पर प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पाठक ने प्रकाश डाला।
प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक साहनी ने कहा कि इस शिविर से प्रशिक्षित पदाधिकारी अपने-अपने मंडलों में जाकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे, जिससे संगठन और मजबूत होगा। भाजपा की कार्यपद्धति पर रणधीर नंदन ने मार्गदर्शन दिया, जबकि सोशल मीडिया, एआई, नमो ऐप एवं सरल ऐप के प्रभावी उपयोग पर डॉ. मुकुल सिंह ने विस्तार से जानकारी दी। संगठन विस्तार विषय पर आनंद पाठक ने बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर बल दिया।
कार्यक्रम में सीवान के पूर्व सांसद ओम प्रकाश यादव, पूर्व एमएलसी मनोज कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी, रजीत प्रसाद, संदीप कुमार गिरी उर्फ मंटू गिरी, रंजीत कुमार सिंह, उमेश तिवारी, जिला प्रभारी लालबाबू कुशवाहा, संजय पाण्डेय, बेद प्रकाश उपाध्याय एवं बिनोद कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। शिविर का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाते हुए संगठनात्मक कौशल में निखार लाना रहा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma
