सिलीगुड़ी, 27 फरवरी (हि. स.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के कचरा निष्कासन विभाग की ओर से शुक्रवार एक विशेष नि:शुल्क सामाजिक सुरक्षा योजना कैंप का शुभारंभ किया गया। राज्य सरकार के अधीन संचालित इस योजना का उद्देश्य सिलीगुड़ी के ‘निर्मल बंधू’ एवं सफाई कर्मियों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।

शहर के रवींद्र मंच में आयोजित इस कैंप में सभी सफाई कर्मियों को नि:शुल्क आवेदन पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में निगम के मेयर परिषद सदस्य मानिक दे उपस्थित रहे।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए नगर निगम हर संभव सहयोग प्रदान कर रहा है, ताकि कर्मी आसानी से आवेदन कर लाभ प्राप्त कर सकें।
योजना के तहत पंजीकृत कर्मियों को प्रतिमाह उनके बैंक खाते में 55 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, ड्यूटी के दौरान किसी कर्मी की आकस्मिक मृत्यु होने पर उसके परिवार को अधिकतम दो लाख रुपये तक की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
18 से 60 वर्ष आयु वर्ग के कर्मी इस योजना के अंतर्गत कार्यरत रहेंगे। 60 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद उन्हें मासिक पेंशन का लाभ मिलेगा, जिससे वृद्धावस्था में आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
सफाई कर्मियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता की पूर्ति बताया। सामाजिक सुरक्षा की दिशा में सिलीगुड़ी नगर निगम का यह कदम मानवीय जिम्मेदारी और श्रमिक कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
