लाखों की चोरी का खुलासा, 143 ग्राम सोना, 2.75 किलो चांदी, 6.20 लाख की नकदी चुराई थी

जोधपुर, 27 फरवरी (हि.स.)। देचू पुलिस ने एक चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पांच आरोपितों को गि रफ्तार किया है। यह अंतरराज्यीय बाछड़ा गैंग से जुड़े हैं। आरोपितों ने 143 ग्राम सोना, 2.750 किलोग्राम चांदी के आभूषण और 6.20 लाख रुपये नकद चुराए थे।

यह चोरी सेतरावा निवासी श्रवणकुमार पुत्र भंवरलाल खत्री के मकान में हुई थी। अज्ञात चोर रात के समय घर में घुसकर लाखों रुपये के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए थे। देचू थानाप्रभारी ओमप्रकाश सुथार ने बताया कि मामले में मध्यप्रदेश के नीमच जिले के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें बरखेड़ा, कुकड़ेश्वर (नीमच) निवासी कारूलाल पुत्र ज्ञानसिंह बाछड़ा और सुनील मालवीय पुत्र बन्नालाल मालवीय शामिल हैं। अन्य आरोपितों में मनासा (नीमच) निवासी नरेंद्र आर्य पुत्र प्रभुलाल आर्य, जैतपुरा (नीमच सिटी) निवासी सुमीत पुत्र सुरेश बाछड़ा और तलाऊ (कुकड़ेश्वर, नीमच) निवासी पप्पू करमावत उर्फ पप्पूलाल पुत्र हजारी बाछड़ा शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश
