
देवरिया, 27 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया शहर के सिंधी मिल स्थित श्याम मंदिर, सिंधी मिल से शुक्रवार को भगवान खाटू श्याम की भव्य निशान यात्रा निकाली गई। रंगभरी एकादशी के पावन अवसर पर आयोजित इस धार्मिक यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में भक्तों ने रंग, अबीर और गुलाल उड़ाकर अपनी आस्था और उल्लास का प्रदर्शन किया।

यात्रा प्रारंभ होने से पहले सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। विधि-विधान से पूजा-अर्चना और निशान पूजन के बाद यात्रा की विधिवत शुरुआत हुई। श्रद्धालु हाथों में पवित्र निशान लिए ‘खाटू श्याम बाबा की जय’ के जयकारों और भजन-कीर्तन के साथ आगे बढ़ते रहे। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने यात्रा को और भी जीवंत बना दिया।

निशान यात्रा सिंधी मिल क्षेत्र से प्रारंभ होकर कसया ओवरब्रिज, मालवीय रोड, सुभाष चौक, बिरहा, पीएम आवास, कोतवाली रोड, न्यू कॉलोनी, जलकल रोड, मोतीलाल रोड और पेड़ा गली सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। जगह-जगह स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया तथा प्रसाद का वितरण भी किया गया।
रंगभरी एकादशी के उपलक्ष्य में श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। भक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की धुन पर पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन समिति की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
इस अवसर पर अमर अग्रवाल, अनूप कानोडिया, वेद कनोडिया, श्याम सुंदर खेतान, प्रेम अग्रवाल, रोहित अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, अजय नागलिया, सुमित अग्रवाल, हिमांशु सिंह, अंजू केजरीवाल, मधु केडिया और वीना अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहें ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक
