भुवनेश्वर, 28 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के निर्देश पर ओडिशा सरकार ने थाईलैंड में फंसे छह ओडिया युवकों की सफलतापूर्वक स्वदेश वापसी सुनिश्चित की है।

इससे पहले 21 फरवरी 2026 को चार युवकों को ओडिशा वापस लाया गया था। शुक्रवार को शेष दो युवक केंद्रापड़ा जिले के राजकनिका ब्लॉक अंतर्गत उपुलेई गांव के प्रशांत कुमार राउत और कुजीपुर गांव के यशोबंत साहू भी सुरक्षित रूप से ओडिशा पहुंच गए। इसके साथ ही सभी छह युवकों की वापसी प्रक्रिया पूर्ण हो गई।

ये छह युवक केंद्रापड़ा जिले के राजकनिका ब्लॉक के विजय कुमार स्वाईं , हेमंत कुमार बेहरा, जयंत कुमार मलिक, यशोबंत साहू और प्रशांत कुमार राउत तथा भद्रक जिले के चांदबली ब्लॉक के मनोरंजन साहू अगस्त 2025 में एक प्लाईवुड कंपनी में कार्य करने के लिए थाईलैंड गए थे। वहां उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, जिनमें कंपनी मालिक द्वारा वेतन का भुगतान नहीं किया जाना भी शामिल था। आर्थिक और मानसिक संकट की स्थिति में उन्होंने ओडिशा सरकार से स्वदेश लौटने के लिए सहायता की अपील की।
मामले की जानकारी मिलते ही भारत सरकार के विदेश मंत्रालय , नई दिल्ली स्थित ओडिशा के मुख्य आवासीय आयुक्त कार्यालय, ओडिया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति विभाग के अंतर्गत ओडिशा परिवार निदेशालय, श्रम एवं कर्मचारी राज्य बीमा विभाग तथा केंद्रापड़ा और भद्रक जिला प्रशासन ने समन्वित प्रयास शुरू किए।
सभी संबंधित विभागों के संयुक्त सहयोग और सक्रिय पहल से अंततः छहों युवकों को सुरक्षित रूप से ओडिशा वापस लाया जा सका। स्वदेश लौटने के बाद युवकों ने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समय पर सहायता और सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए धन्यवाद दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
