हुगली, 28 फ़रवरी (हि. स.)। जिले में एसआईआर की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। शनिवार को जिला प्रशासन की ओर से सर्वदलीय बैठक बुलाकर जिलाधिकारी खुरशिद अली कादरी ने सभी राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों को यह सूची सौंपी।

नई सूची के अनुसार, एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने से पहले हुगली जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 47 लाख 75 हजार 99 थी। एसआईआर के पहले चरण में जारी मसौदा सूची के बाद तीन लाख 18 हजार 853 मतदाताओं के नाम हटाए गए।

28 फरवरी को अंतिम सूची प्रकाशित होने के बाद यह सामने आया कि मसौदा सूची में 44 लाख 56 हजार 225 मतदाताओं के नाम थे। इनमें से पूरी तरह 15 हजार 932 नाम और हटाए गए। इस तरह मसौदा और अंतिम सूची को मिलाकर कुल तीन लाख 34 हजार 785 मतदाताओं के नाम जिले से हटे हैं। अब जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 44 लाख 40 हजार 293 है।
हालांकि, इनमें से एक लाख 73 हजार 64 मतदाताओं के नाम अभी भी एडजुडिकेशन प्रक्रिया में हैं। इन नामों को अलग रखने पर जिले में फिलहाल वैध मतदाताओं की संख्या 42 लाख 83 हजार 161 आंकी गई है।
इस मौके पर जिलाधिकारी खुरशिद अली कादरी ने बताया कि लगभग 30 से 32 न्यायिक अधिकारियों को इस प्रक्रिया के लिए नियुक्त किया गया है, जो रोज़ाना तय समय पर दस्तावेज़ों की जांच कर रहे हैं। जिन एक लाख 73 हजार से अधिक नामों की जांच चल रही है, उनके सत्यापन के बाद सूची प्रकाशित की जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल करीब 44 लाख मतदाताओं के नाम सूची में हैं।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि अभी सभी बूथों पर मतदाता सूची उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, लेकिन सभी राजनीतिक पार्टियों को सूची सौंप दी गई है। जिन मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, वे चुनाव की घोषणा से पहले फॉर्म-6 भरकर नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने का कार्य नामांकन प्रक्रिया तक जारी रहेगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
