केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाना प्राथमिकता : राधेश्याम त्यागी

अयोध्या, 28 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहादतगंज स्थित जिला कार्यालय में नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से कार्यालय परिसर उत्साह और ऊर्जा से भर उठा।

युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष शिवम सिंह ने राधेश्याम त्यागी को 51 किलो की भव्य माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ, रामनामा और स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि राधेश्याम त्यागी एक समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने संगठन के लिए वर्षों तक निष्ठा के साथ कार्य किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पार्टी का जिला संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा। बूथ स्तर तथा संगठन और मजबूत होगा।
विधायक रामचन्द्र यादव ने कहा कि पार्टी ने एक कर्मठ और अनुभवी कार्यकर्ता को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके मार्गदर्शन में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में गति मिलेगी।
विधायक चन्द्रभानु पासवान ने कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की असली ताकत है और नए जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ता नई ऊर्जा के साथ कार्य करेंगे।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को और सशक्त बनाया जाएगा तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में अवधेश पाण्डेय बादल, कमला शंकर पांडे, युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह, सहकारी बैंक के सभापति धर्मेंद्र प्रताप सिंह टिल्लू, जिला महामंत्री राघवेंद्र पांडे, राम मोहन भारती, डॉ रजनीश सिंह, दिवाकर सिंह, अशोक कसौधन, इं रणवीर सिंह इंद्रभान सिंह, बबलू पासी, अशोक मिश्रा, चंद्रभान सिंह, मनोज वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकताओं की मौजूदगी रही।
————-
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय
