कोलकाता, 28 फरवरी (हि.स.)। आगामी होली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए दक्षिण-पूर्व रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए गोमती नगर और मालतीपाटपुर (पुरी के पास) के बीच होली स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।

रेलवे के अनुसार, गोमती नगर–मालतीपाटपुर होली स्पेशल ट्रेन संख्या (05064) हर गुरुवार, 26 मार्च तक चलेगी, जो शाम 18:55 बजे गोमती नगर से प्रस्थान कर अगले तीसरे दिन सुबह 03:30 बजे मालतीपाटपुर पहुंचेगी। वहीं, मालतीपाटपुर–गोमती नगर होली स्पेशल ट्रेन संख्या (05063) हर शनिवार, 28 मार्च तक चलेगी, जो सुबह 11:15 बजे मालतीपाटपुर से प्रस्थान कर अगले दिन शाम आठ बजे गोमती नगर पहुंचेगी। इन ट्रेनों का मार्ग भोजुदिह, अद्रा, बांकुड़ा, विष्णुपुर, मेदिनीपुर, हिजली और बालेश्वर स्टेशनों से होकर गुजरता है, जो दक्षिण पूर्व रेलवे क्षेत्राधिकार में आते हैं।

इसके अतिरिक्त, यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए शालीमार-चर्लापल्ली एक्सप्रेस (18045) में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा। इस ट्रेन में 28 फरवरी से छह मार्च तक एक अतिरिक्त स्लीपर क्लास कोच उपलब्ध कराया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस कदम से होली के दौरान घर लौटने वाले और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बर्थ उपलब्ध कराने में आसानी होगी और उनकी यात्रा अधिक आरामदायक बनेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
