कोडरमा, 28 फ़रवरी (हि.स.)। कोडरमा जिले के चंदवारा थाना अंतर्गत उरवां मोड़ के समीप शनिवार काे एक एलपीजी टैंकर ने सवारी गाड़ी सहित फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले कई दुकानदारों को अपनी चपेट में ले लिया। इससे एक वृद्ध की मौत हो गई है, जबकि 10 अन्य लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार हजारीबाग से कोडरमा होकर एक एलपीजी टैंकर बिहार की ओर जा रही थी। वहीं झुमरीतिलैया से सवारी गाड़ी तिलैया डैम की ओर जा रही थी। जैसे ही सवारी गाड़ी उरवां मोड़ के पास पहुंची, हजारीबाग की ओर से कोडरमा की ओर जा रही एलपीजी टैंकर अचानक से सड़क के दूसरे लेन में घुस गई और वह अनियंत्रित होकर तिलैया डैम के रास्ते में जाने लगी।

इस दौरान पहले तो उसने सवारी गाड़ी को अपनी चपेट में लिया, उसके बाद फुटपाथ पर के कई दुकानदारों को भी अपने चपेट में ले लिया। इस दौरान कुछ बाइक सवार भी उक्त टैंकर की चपेट में आ गए। घटना में 11 लोग घायल हो गए। घटना के समय वहां पर अफरा तफरी का माहौल हो गया। वहीं वहां मौजूद सभी लोग इधर-उधर भागने लगे।
इधर, घटना के बाद चंदवारा थाना की पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची और वहां मौजूद ग्रामीणों की सहायता से सभी घायलों को सदर अस्पताल कोडरमा भेजा, जहां घायलों का इलाज चल रहा है। वहीं इलाज के दौरान एक वृद्ध की मौत हो गई है। मृतक की पहचान रूपलाल सिंह (70) के रूप में की गई है।
घायलों में बरकट्ठा हजारीबाग निवासी मोहिनी देवी (45), सारो देवी (40), मोहिनी देवी (40), धनेश्वरी देवी (35), प्रसादी सिंह (55), मनवा देवी (50), सावित्री देवी (40), उड़हुल मासोमात (60) और बुधनी देवी पति (55) के नाम शामिल हैं। घटना के बाद गैस टैंकर का चालक मौके से फरार हो गया है, पुलिस उसकी खोजबीन कर रही है। वहीं पुलिस की ओर से गैस टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव समीर
