पलामू, 28 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के छत्तरपुर अनुमंडल अंतर्गत नौडीहा बाजार प्रखंड के चराई टू के मननदोहर गांव में शनिवार को खेलने के क्रम में एक खंडहरनुमा कुएं में गिरकर डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गयी, जबकि एक बच्ची अचेत पायी गयी। उसे इलाज के लिए एमएमसीएच में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। लगातार बेहोश बतायी गयी है।

मृतक बच्चियों की पहचान इसी गांव के उदेश यादव की पुत्री प्रीति कुमारी (08) और सोनम उर्फ बाबू (06) के रूप में हुई है। बेहोश बच्ची की पहचान छत्तरपुर के हानहे गांव के अखिलेश यादव की पुत्री अंशु कुमारी (05) के रूप में हुई है। अंशु मननदोहर गांव में मामा के घर रहती थी।

मृत बच्चियों के परिजनों ने घटना को साजिश बताया है। उनका कहना है कि घटना से पहले एक युवक गांव में तस्वीरें ले रहा था। उसने ही तीनों बच्चियों को कुएं में डाला और भाग गया। घटना के बाद से युवक कही नजर नहीं आ रहा है। हालांकि नौडीहा बाजार थाना प्रभारी अमित कुमार द्विवेदी ने इसे हादसा मानकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब दो बजे एक बच्ची के चिल्लाने की आवाज खंडहर कुएं के पास से रही थी। पास जाकर लोगों ने देखा तो दो बच्ची कुएं के पानी में मृत पड़ी थीं। एक बच्ची कुएं में हाथ पैर मार रही थी। बच्ची को पानी से निकाल कर इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल छत्तरपुर ले जाया गया। नौडीहा बाजार पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और अत्यंतपरीक्षण के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल मेदिनीनगर भेजा।
थाना प्रभारी ने कहा कि घटना में जो भी दोषी होंगे, उनको किसी भी परिस्थिति में बक्शा नहीं जाएगा। ग्रामीणों से आग्रह किया कि अफवाह में ध्यान न दें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार
