प्रयागराज, 28 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जीआरपी दीन दयाल उपाध्याय एवं आरपीएफ की संयुक्त पुलिस टीम ने डीडीयू जंक्शन से चेकिंग दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों के कब्जे से 1,75,00,000 रुपये की नकदी बरामद की है। यह जानकारी शनिवार को पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा ने दी।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के नेपियर रोड कालोनी के समीप निवासी रितेश पटेल पुत्र अशोक भाई पटेल और गुजरात के जिला आनंद में स्थित मेटपुर खंभात गांव निवासी प्रिग्नेश है। पुलिस टीम ने गिरफ्तार युवकों के कब्जे से से तीन बैगों में रखी कुल 1.75 करोड़ नकद रुपये बरामद किया।

यह गिरफ्तारी प्रभारी निरीक्षक जीआरपी डीडीयू सुनील कुमार सिंह एवं प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ पोस्ट डीडीयू प्रदीप कुमार रावत के नेतृत्व में टीम द्वारा 28 फरवरी की रात प्लेटफार्म संख्या-1 पर आई ट्रेन संख्या 12318 अकाल तख्त एक्सप्रेस के कोच ए-1 में चेकिंग के दाैरान की गई।
मामले की सूचना आयकर विभाग वाराणसी को दी गई। आयकर विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने पर दोनों संदिग्ध व्यक्तियों एवं बरामद नकदी से भरे बैगों को आवश्यक कार्रवाई हेतु आयकर विभाग को सुपुर्द कर दिया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
