कोरबा, 01 मार्च (हि. स.)। कोरबा के सर्वमंगला फाटक के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय एक ट्रक चालक मालगाड़ी की चपेट में आ गया, जिससे उसका दाहिना पैर कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरमपुर निवासी ट्रक चालक शनिवार की देर रात खदान से सटे रास्ते से सर्वमंगला फाटक के पास रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक तेज गति से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे के बाद वह खून से लथपथ ट्रैक के पास गंभीर हालत में पड़ा रहा।

फाटक पर तैनात गेटमैन ने घायल युवक को देखा और तुरंत इसकी सूचना सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी को दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को अपने वाहन से जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।
सर्वमंगला चौकी प्रभारी विभव तिवारी ने आज रविवार काे बताया कि हादसे में युवक का दाहिना पैर कट गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। फिलहाल युवक बोलने की स्थिति में नहीं है, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हादसा दुर्घटनावश हुआ या उसने आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
