मीरजापुर, 01 मार्च (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद की बैठक रविवार को जंगी रोड स्थित एक होटल के सभागार में आयोजित की गई, जिसमें श्रीराम जन्मोत्सव शोभायात्रा समिति के गठन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने यात्रा को भव्य, दिव्य और अनुशासित स्वरूप देने का संकल्प लिया।

प्रांत उपाध्यक्ष व विभाग पालक सुरेश अग्रवाल ने कहा कि शोभायात्रा भगवान श्रीराम की मर्यादा के अनुरूप सुव्यवस्थित ढंग से निकले और समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बहनों का प्रतिनिधित्व और बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना आवश्यक है।

विभाग मंत्री रामचन्द्र शुक्ल ने अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विभिन्न समितियों की घोषणा की और सभी पदाधिकारियों से यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया। प्रांत उपाध्यक्ष विद्याभूषण ने इसे प्रदेश की “नंबर वन शोभायात्रा” बताते हुए नगरवासियों से इसे और अधिक भव्य बनाने की अपील की।
जिलाध्यक्ष माता सहाय ने चैत्र प्रतिपदा से प्रारंभ हो रहे हिन्दू नववर्ष को उत्साहपूर्वक मनाने और घरों पर ‘ॐ’ अंकित ध्वज लगाने का आग्रह किया। पूर्व प्रांत संगठन मंत्री मनोज श्रीवास्तव ने प्रत्येक वार्ड में टोली बनाकर बैठकों के माध्यम से पूरे नगर को दुल्हन की तरह सजाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष राज माहेश्वरी ने की तथा संचालन महेश तिवारी ने किया। बैठक में अनेक पदाधिकारी व सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
