सागर, 01 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिला में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। प्रदेश नेतृत्व की सहमति के बाद जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी द्वारा जारी इस सूची में अनुभव और युवा ऊर्जा का संतुलित समावेश देखने को मिल रहा है। पार्टी ने स्पष्ट संकेत दिया है कि आने वाले समय में संगठन को और अधिक सक्रिय तथा प्रभावी बनाने के लिए यह नई टीम महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

यह कार्यकारिणी हेमंत खंडेलवाल की सहमति और मार्गदर्शन में घोषित की गई है। कुल 35 सदस्यों की इस टीम के गठन में संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक संतुलन और कार्यकर्ताओं की सक्रियता को ध्यान में रखा गया है। भाजपा का उद्देश्य है कि जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाए और पार्टी की योजनाओं व नीतियों को अधिक प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुँचाया जा सके।

नई कार्यकारिणी में कई अनुभवी नेताओं को अहम जिम्मेदारियाँ दी गई हैं। जिला उपाध्यक्ष पद पर जगन्नाथ गुरैया, मनीष चौबे, संतोष ठाकुर, निकेश गुप्ता, विक्रम सोनी, शैलेंद्र श्रीवास्तव, यश अग्रवाल और पुष्पेंद्र परिहार को नियुक्त किया गया है। वहीं संगठन के प्रमुख प्रशासनिक और रणनीतिक कार्यों के संचालन के लिए सुमित यादव, चेतराम अहिरवार और चैन सिंह ठाकुर को जिला महामंत्री बनाया गया है।
नई कार्यकारिणी में महिला सशक्तिकरण पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। कुल 35 पदों में से 8 पद महिलाओं को दिए गए हैं, जो संगठन में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है। जिला मंत्री के रूप में जयंती मौर्य, संध्या भार्गव, सविता साहू और आसमा जैन को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा वित्तीय व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सुषमा यादव और सुमित्रा इंद्रकुमार राय को सह-कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने के उद्देश्य से कई जिला मंत्रियों की भी नियुक्ति की गई है। इनमें अर्जुन पटेल, हरिशंकर कुशवाहा, आफिसर यादव और राहुल वैद्य प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके साथ ही पार्टी की वित्तीय व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए विकास सांधेलिया को जिला कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
भाजपा ने नई कार्यकारिणी के साथ-साथ कार्यालय मंत्री और मीडिया प्रभारियों की भी घोषणा की है, ताकि संगठन का संवाद तंत्र और प्रचार-प्रसार मजबूत किया जा सके। पार्टी का लक्ष्य है कि संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करते हुए कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय बनाया जाए और जनता के बीच पार्टी की योजनाओं को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया जाए।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे
