पूर्वी सिंहभूम, 02 मार्च (हि.स.)। जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने थाना से महज आधा किलोमीटर दूर बाजार इलाके में स्थित एक विदेशी शराब दुकान में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर शटर का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य की शराब और नकदी लेकर फरार हो गए।

घटना का खुलासा सोमवार सुबह करीब 10 बजे हुआ, जब पगदा निवासी सेल्समैन नेपाल महतो रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे। शटर टूटा देख वे हतप्रभ रह गए। अंदर जाकर देखा तो करीब 40 पेटी विदेशी शराब गायब थी, जबकि काउंटर में रखे लगभग एक लाख 80 हजार रुपये नकद भी चोरी हो चुके थे। उन्होंने तत्काल बोड़ाम थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया गया। नेपाल महतो के लिखित आवेदन के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
नेपाल महतो ने पुलिस को बताया कि रविवार देर रात दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। उसी रात बिजली आपूर्ति बाधित रही और दुकान का इनवर्टर भी खराब था, जिसके कारण सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर सके। इस वजह से वारदात की कोई फुटेज उपलब्ध नहीं हो पाई है।
पुलिस अब बाजार क्षेत्र और आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात एक संदिग्ध चार पहिया वाहन को दुकान के आसपास देखा गया था। पुलिस उस वाहन की पहचान और उसके मालिक का पता लगाने में जुटी है।
थाना के समीप हुई इस चोरी की घटना से बाजार के व्यापारियों में दहशत है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
