उरई, 02 मार्च (हि.स.)। कालपी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को यमुना नदी में एक अज्ञात महिला का शव उतराता मिला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने नाविकों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कोतवाल अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि स्थानीय लोगों ने यमुना नदी में एक महिला का शव उतराता हुआ देखा। शव देखते ही लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय नाविकों की सहायता से शव को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस के अनुसार, मृतका की उम्र लगभग 25 वर्ष के आसपास है। शव के पास से कोई भी दस्तावेज या ऐसा कोई सामान बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

कोतवाल ने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए आसपास के क्षेत्रों में संभावित सुराग तलाशे जा रहे हैं। आस-पास के गांवों में किसी महिला के लापता होने की सूचना की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा
