जयपुर, 02 मार्च (हि.स.)। राजधानी जयपुर में होली और धुलंडी पर्व को लेकर उत्साह चरम पर है। स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में देसी-विदेशी सैलानी भी रंगों के इस त्योहार का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। हालांकि हुड़दंग और नशे में उत्पात की आशंका को देखते हुए जयपुर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।

अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) डॉ. राजीव पचार ने बताया कि शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। जयपुर में 11 एएसपी, 45 एसीपी, 80 थानाधिकारी और करीब 1500 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही आरएसी की पांच कंपनियां भी लगाई गई हैं।

शहर की निगरानी अभय कमांड सेंटर के माध्यम से सीसीटीवी कैमरों द्वारा की जा रही है। जरूरत पड़ने पर ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और वरिष्ठ अधिकारी लगातार गश्त कर मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
डॉ. पचार ने स्पष्ट किया कि शराब के नशे में हुड़दंग करने, सैलानियों से छेड़छाड़ करने या माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर भी पुलिस की कड़ी नजर है।
होली के अवसर पर बड़ी संख्या में आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा के लिए वर्दीधारी के साथ सादा वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। असामाजिक तत्वों की पहचान के लिए सघन अभियान चलाया गया है तथा सैलानियों को परेशान करने वाले लपकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
गौरतलब है कि जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई थी। उत्तर जिले में अलग से बैठक कर आगामी त्योहारों के मद्देनजर शांति व्यवस्था पर चर्चा की गई। थाना स्तर पर भी मोहल्ला समितियों और सीएलजी की बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। संदिग्ध और आदतन अपराधियों को समय-समय पर पाबंद करने की कार्रवाई जारी है।
पुलिस प्रशासन ने शहर वासियों से अपील की है कि वे शांति, सौहार्द्र और एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए त्योहार मनाएं, ताकि जयपुर की खुशियों में कोई व्यवधान न आए।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
