

पूर्वी सिंहभूम, 02 मार्च (हि.स.)।

जमशेदपुर : संस्थापक दिवस के अवसर पर जमशेदपुर एक बार फिर उत्सव और उल्लास के रंग में रंग गया है। टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी नुसरशानजी टाटा की जयंती को लेकर पूरे नगर में विशेष तैयारियां की गई हैं। पूर्व संध्या पर ही लौहनगरी रंग-बिरंगी विद्युत रोशनी से आलोकित हो उठी और प्रमुख मार्गों से लेकर चौक-चौराहों तक आकर्षक सजावट देखने को मिली।

शहर के प्रमुख आकर्षण जुबली पार्क में सोमवार की संध्या भव्य विद्युत प्रकाश व्यवस्था का विधिवत शुभारंभ किया गया। टाटा संस के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन ने संध्या छह बजे दीप प्रज्वलित कर रोशनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर टाटा इस्पात के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सह प्रबंध निदेशक सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस वर्ष की सजावट को विशेष रूप से संस्थापक के जीवन, उनके दूरदर्शी विचारों और औद्योगिक योगदान को समर्पित किया गया है। विद्युत आकृतियों और प्रकाश चित्रों के माध्यम से उनके सपनों के भारत, आत्मनिर्भर उद्योग और आधुनिक नगर की परिकल्पना को सजीव रूप में प्रस्तुत किया गया है। उद्यान में प्रवेश करते ही भव्य प्रकाश द्वार आगंतुकों का स्वागत करता है, वहीं फव्वारों और वृक्षों पर की गई विशेष प्रकाश सज्जा लोगों को आकर्षित कर रही है।
संस्थापक दिवस के उपलक्ष्य में केवल जुबिली उद्यान ही नहीं, बल्कि बिष्टुपुर, साकची, कदमा, सोनारी सहित शहर के विभिन्न हिस्सों को भी विद्युत झालरों और आकर्षक प्रकाश श्रृंखलाओं से सजाया गया है।
तीन मार्च से जुबिली उद्यान आम नागरिकों के लिए खोल दिया जाएगा। संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की है। भारी वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया है ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। चार मार्च को होली पर्व के कारण उद्यान बंद रहेगा, जबकि पांच मार्च को पुनः दर्शकों के लिए खोला जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
