कानपुर, 02 मार्च (हि.स.)। कर्नलगंज थाना क्षेत्र में एक क्रिश्चियन युवक द्वारा अपनी पहचान छिपाकर खुद को हिंदू बताकर युवती से प्रेम संबंध बनाने, लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक संबंध रखने और गर्भवती होने पर शादी से इनकार करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पहचान उजागर होने के बाद युवक ने युवती पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया और विरोध करने पर हत्या करने व निजी वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता पेशे से एक निजी स्कूल में संगीत शिक्षिका है। उसने पुलिस को बताया कि वर्ष 2017 में उसकी पहचान एक युवक से हुई थी, जो संगीत कार्यक्रमों में गिटार बजाने आता-जाता था। कार्यक्रमों के दौरान बातचीत बढ़ती गई और बाद में युवक ने उससे नजदीकियां बढ़ाते हुए शादी का भरोसा दिलाया। इसी भरोसे के सहारे उसने युवती का शारीरिक शोषण किया।

युवती के अनुसार वर्ष 2023 से दोनों के बीच नियमित संपर्क होने लगा। मई 2025 में जब उसे गर्भवती होने की जानकारी हुई और उसने युवक से शादी करने को कहा, तो वह टालमटोल करने लगा। कुछ समय बाद युवक ने खुद को दूसरे समुदाय का बताते हुए युवती पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया। मना करने पर उसने जान से मारने और बदनाम करने की धमकी दी।
आरोप है कि इसके बाद युवती को आरोपित के घर ले जाकर जबरन रोका गया। वहां उसके साथ मारपीट की गई और दवाइयां खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया गया। पीड़िता का कहना है कि इस दौरान आरोपित के परिजनों द्वारा लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी जाती रही। उससे जेवरात और नकदी भी छीन ली गई।
पीड़िता के मुताबिक कई बार उसने मदद के लिए संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन डर और धमकियों के चलते वह खुलकर सामने नहीं आ सकी। आखिरकार हिम्मत जुटाकर उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
एसीपी कर्नलगंज अमित चौरसिया ने सोमवार को बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपित अभिषेक सिंह उर्फ रवि को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
