बलरामपुर, 03 मार्च (हि.स.)। फाल्गुन पूर्णिमा की पावन रात्रि में बलरामपुर जिले के रामानुजगंज नगर में श्रद्धा और उल्लास के साथ होलिका दहन संपन्न हुआ। कन्हर नदी तट स्थित प्राचीन शिव मंदिर के समीप सोमवार देर रात 12:45 बजे शुभ मुहूर्त में होलिका दहन किया गया। अग्नि प्रज्वलन के साथ ही श्रद्धालुओं ने परिक्रमा कर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की।

महावीर पंचांग के अनुसार इस वर्ष होलिका दहन का शुभ समय रात 11:53 बजे से 12:50 बजे के बीच निर्धारित था। निर्धारित मुहूर्त में विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन कर होलिका दहन किया गया। नगर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में लोग कन्हर तट पहुंचे और बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक इस पर्व में सहभागी बने।

आधी रात तक आयोजन स्थल पर चहल-पहल बनी रही। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। थाना स्तर पर अधिकारियों ने स्वयं मौजूद रहकर स्थिति पर नजर रखी। प्रशासन की सतर्कता के चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 में होलिका दहन 2 मार्च को मनाया गया है, जबकि मुख्य रंगोत्सव धुलंडी 4 मार्च 2026, बुधवार को मनाई जाएगी। 3 मार्च को चंद्र ग्रहण एवं सूतक काल होने के कारण इस बार होलिका दहन के अगले दिन रंग नहीं खेले जाएंगे। धार्मिक परंपरा के अनुसार फाल्गुन पूर्णिमा के पश्चात चैत्र मास की प्रतिपदा तिथि को रंगों का पर्व मनाया जाता है।
नगरवासियों ने एक-दूसरे को होली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
