नूंह, 03 मार्च (हि.स.)। नूंह के लघु सचिवालय सभागार में मंगलवार को जिला पीस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में जिले के विभिन्न धर्मों के गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक प्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी त्योहारों और बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना रहा।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि वर्तमान में पवित्र होली, रमजान माह और ईद का अवसर है। ऐसे समय में सभी नागरिक आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि मेवात क्षेत्र की वर्षों पुरानी परंपरा रही है कि यहां सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर एक-दूसरे के पर्वों में भाग लेते हैं। इस परंपरा को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
बोर्ड परीक्षाओं में सहयोग की अपील
उपायुक्त ने बताया कि इन दिनों हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं भी आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने पीस कमेटी के सदस्यों से अपील की कि वे परीक्षाओं को निष्पक्ष और नकलमुक्त वातावरण में संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें। विद्यार्थियों को मेहनत और ईमानदारी से परीक्षा देने के लिए प्रेरित करें, ताकि वे भविष्य में सफल और जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और प्रतिभा ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु कोचिंग सेंटर प्रारंभ किए गए हैं तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। सेना में भर्ती के इच्छुक युवाओं को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है और गांव-गांव में आउटरीच कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है। विद्यार्थियों को आगरा, कुरुक्षेत्र और दिल्ली जैसे स्थानों पर शैक्षिक भ्रमण भी कराया गया है, जिससे उनके ज्ञान और दृष्टिकोण का विस्तार हो सके।
अफवाहों से बचने की अपील
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक संदेश को न साझा करें और न ही आगे बढ़ाएं। किसी भी धर्म के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने या उसका समर्थन करने से बचें। उन्होंने कहा कि पीस कमेटी का दायित्व है कि वह समाज को जागरूक करे और लोगों को गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहने के लिए प्रेरित करे। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं और आने वाले समय में जिला तेजी से विकास की दिशा में अग्रसर होगा।
गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखने का आह्वान
पीस कमेटी के सदस्य एवं हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक जाकिर हुसैन ने कहा कि जिले में शांति और भाईचारा बनाए रखना सभी की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने समाज को नशा और दहेज जैसी बुराइयों से मुक्त करने का आह्वान किया।
बैठक में पीस कमेटी के सदस्य भानीराम मंगला ने प्रशासन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सभी वर्गों को साथ लेकर चलना और उनके सुझावों पर अमल करना सराहनीय पहल है। सरदार जीएस मलिक, जाहिद बाई और सुभान खां सहित अन्य सदस्यों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में शांति बनाए रखने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
शांति ही विकास की कुंजी
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि जिले के समग्र विकास के लिए शांति और सौहार्द बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। त्योहारों की खुशियां और विद्यार्थियों का उज्ज्वल भविष्य तभी संभव है जब समाज में आपसी विश्वास, एकता और सहयोग की भावना बनी रहे।
जिला प्रशासन और पीस कमेटी ने मिलकर यह संदेश दिया कि नूंह की गंगा-जमुनी तहजीब और 36 बिरादरी का भाईचारा ही इस क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया
