मुरादाबाद, 03 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के थाना मूंढापांडे क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी को अगवा कर लेने के आरोप में मंगलवार को पीड़िता के भाई की तहरीर के पर आधार पर आरोपित जिला पंचायत सदस्य मो. शमी उर्फ शंभू समेत दो नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है। आरोप है कि शिकायतकर्ता की बहन तीन दिन पहले दवाई लेने गई थी। इसी दौरान आरोपित जिला पंचायत सदस्य ने अपने साथियों की मदद से कार में जबरदस्ती ले गया है।

मूंढापांडे थानाक्षेत्र के गांव में रहने वाली पीड़ित किशोरी के भाई ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 28 फरवरी को अपराह्न लगभग 12:30 बजे उसकी बहन घर से डॉक्टर के पास दवा लेने गई थी। तीन घंटे बाद तक वापस नहीं आई। परिजन उसकी तलाश करते हुए डॉक्टर के पास गए तो पता चला कि किशोरी दवा लेने नहीं पहुंची है। इसके बाद जिस रास्ते से किशोरी गुजरी थी, वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की तब दो लोगों ने बताया कि किशोरी पैदल जा रही थी। करनपुर अड्डे पर एक कार आई। जिसमें मूंढापांडे निवासी मो. शमी उर्फ शम्भू और नाहिद के अलावा एक और व्यक्ति मौजूद था। यह लोग किशोरी को जबरन कार में बैठाकर ले गए हैं। परिवार ने आशंका जताई कि किशोरी के साथ यह लोग कोई अनहोनी कर सकते हैं। थाना मूंढापांडे प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि किशोरी की तलाश की जा रही है। साथ ही पूरे घटनाक्रम में आरोपितों की भूमिका भी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
