खूंटी, 03 मार्च (हि.स.)।

रंगों का त्योहार होली शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो, इसे सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तोरपा थाना पुलिस ने मंगलवार की शाम क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला।

थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव के नेतृत्व में निकाले गए इस फ्लैग मार्च में पुलिस बल के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ शामिल हुए।
फ्लैग मार्च तोरपा थाना परिसर से शुरू होकर मेन रोड, बाजार क्षेत्र और खसुआ टोली, पेट्रोल पंप से गुजरता हुआ हिल चौक तक पहुंचा।
मार्च के दौरान पुलिस ने लोगों से शांति और भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने तथा असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया।
मौके पर अवर पुलिस निरीक्षक अमरेन्द्र मंडल, रोशन खाखा, संजीव करण देव सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित थे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, शराब पीकर उत्पात मचाने या कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव ने बताया कि होली के मद्देनजर क्षेत्र में गश्ती दल की तैनाती बढ़ा दी गई है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी लोग आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
