पूर्वी सिंहभूम, 04 मार्च (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम जिले के जुगसलाई थाना क्षेत्र में फरार चल रहे अपराधी मनीष सिंह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस महकमे में नई सक्रियता देखने को मिल रही है। उसकी गिरफ्तारी नहीं होने पर जुगसलाई के तत्कालीन थाना प्रभारी बैजनाथ कुमार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडेय ने निलंबित कर दिया था। इसके बाद थाना की जिम्मेदारी ग़ुलाम रब्बानी खा को सौंपी गई।

पदभार ग्रहण करते ही नए थाना प्रभारी ने फरार आरोपित की गिरफ्तारी को प्राथमिकता दी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पारडीह स्थित गोल्डन लीफ रिसोर्ट में छापेमारी की, जहां मनीष सिंह छिपकर रह रहा था। पुलिस ने उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया।

हालांकि कुछ हलकों में इसे आत्मसमर्पण बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरफ्तारी सुनियोजित कार्रवाई का परिणाम है। उनका कहना है कि आरोपित थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण नहीं किया था, बल्कि छापेमारी के दौरान पकड़ा गया।
गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों में राहत की भावना देखी गई। क्षेत्र में लंबे समय से उसकी गतिविधियों को लेकर असंतोष व्याप्त था। नए थाना प्रभारी की त्वरित कार्रवाई से यह संदेश गया है कि जुगसलाई क्षेत्र में अपराध और रंगदारी के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा।
फिलहाल पुलिस मनीष सिंह से पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए आगे भी कठोर कदम उठाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।——–
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
