सीवान04 मार्च (हि.स.)।

होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिले में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी कड़ी में एसपी द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों का भौतिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया तथा मौके पर मौजूद पदाधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असामाजिक तत्वों की गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को संवेदनशील एवं अति-संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्ती सुनिश्चित करने तथा विधि-व्यवस्था को हर हाल में बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही होलिका दहन स्थलों एवं भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने और अफवाहों पर कड़ी नजर रखने की भी हिदायत दी। सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।जिलेवासियों से अपील की गई है कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ होली मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाना या डायल 112 पर दें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma
