सुपौल, 04 मार्च (हि.स.)। जिले के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरधरिया वार्ड संख्या-एक स्थित पुलिया के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। बताया जाता है कि बलुआ की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान निर्मली वार्ड संख्या-13 निवासी 62 वर्षीय शिवन मेहता के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार शिवन मेहता किसी आवश्यक कार्य से बलुआ गए थे और काम निपटाकर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान गुरधरिया नदी पुलिया के निकट पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल में जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद करीब आधे घंटे तक शव सड़क किनारे पड़ा रहा। राहगीरों की नजर जब मृतक पर पड़ी तो उन्होंने स्थानीय लोगों एवं पंचायत के मुखिया रामजी मंडल को सूचना दी। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी बलुआ थाना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सुपौल भेज दिया।
मौत की खबर मिलते ही मृतक के घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी रेशमी देवी पति की मौत की खबर सुनकर बार-बार बेहोश हो रही थीं। पुत्र-पुत्री समेत अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं। होली पर्व के मौके पर जहां लोग जश्न मना रहे थे, वहीं शिवन मेहता के घर मातम पसरा हुआ है।
इस संबंध में बलुआ थाना अध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की ठोकर से वृद्ध की मौत हुई है। वाहन चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
