पूर्वी सिंहभूम, 04 मार्च (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत कालिकापुर में बुधवार को 70 वर्षीय वृद्ध महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान ग्वालकाटा पंचायत के बोहड़ागुटु गांव निवासी सुभाषिनी नायक के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कालिकापुर और हड़पागुटु गांव के बीच सुनसान स्थान पर ग्रामीणों ने एक वृद्ध महिला का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि महिला का गला किसी धारदार हथियार से रेत दिया गया है। शव की स्थिति से प्रतीत होता है कि हत्या काफी बेरहमी से की गई है। घटना की सूचना तत्काल पोटका थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोषियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।
स्थानीय ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि महिला की हत्या डायन होने के संदेह में की गई है। बताया जा रहा है कि गांव में अंधविश्वास के माहौल बना हुआ था, जिसके कारण सुभाषिनी नायक को निशाना बनाया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
