कानपुर, 04 मार्च (हि.स.)। शहर में नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच कानपुर पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। अपर पुलिस उपायुक्त की गोपनीय जांच में इन पुलिसकर्मियों के मादक तस्करों से संदिग्ध संपर्क कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) में सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।

शहर में अवैध नशे का कारोबार तेजी से फैल रहा है। इसे लेकर कुछ दिन पहले सांसद रमेश अवस्थी ने अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के साथ बैठक कर मामले में चिंता व्यक्त की थी। उन्होंने यह भी आशंका जताई थी कि इस अवैध धंधे में कुछ पुलिसकर्मियों की मिलीभगत के चलते यह कारोबार फल-फूल रहा है और युवा तेजी से इसकी चपेट में आ रहे हैं। पुलिस आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस उपायुक्त (ऑपरेशन्स) सुमित सुधाकर रामटेके के नेतृत्व में एक टीम गठित कर जांच कराई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि कुछ पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान मादक तस्करों के संपर्क में थे।

मोबाइल फोन की सीडीआर जांच में पनकी मंदिर थाना के दरोगा श्रवण कुमार, काकादेव थाने के हेड कांस्टेबल रंजीत कुमार, पुलिस लाइन के हेड कांस्टेबल कमलाकांत और सचेण्डी थाना के हेड कांस्टेबल जितेंद्र प्रताप सिंह के तस्करों से लगातार संपर्क सामने आए। इसके बाद पुलिस आयुक्त ने चारों को निलंबित कर दिया।—————-
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
