खूंटी, 05 मार्च (हि.स.)। जरियागढ़ थाना क्षेत्र के गोविंदपुर के पास कारो नदी तट पर बने शिव मंदिर से शरारती तत्वों ने गणेश की संगमरमर की प्रतिमा और पीतल के शेषनाग को चोरी कर ली।

इस संबंध में तोरपा थाने में गुरुवार को मामला दर्ज कराया गया है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम 7:00 बजे तक लोगों ने मंदिर में पूजा अर्चना की, लेकिन गुरुवार की सुबह जब लोग वहां पहुंचे, तो गणेश की प्रतिमा और पीतल के शेषनाग गायब मिले। यह देखते ही लोगों में आक्रोश भर गया और भारी संख्या में सनातनी लोग मंदिर के पास पहुंच गए। मामले की सूचना मिलते ही जरिया गढ़ के थाना प्रभारी बीरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा बुझा कर माहौल को शांत कराया। थाना प्रभारी ने कहा कि इसमें शरारती तत्वों का हाथ हो सकता है। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
