भुवनेश्वर, 05 मार्च (हि.स.)। ओडिशा ने गुरुवार को बीजू पटनायक की जयंती को पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने ओडिशा विधानसभा परिसर में दिवंगत नेता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि देने वालों में विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाधी, उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव और प्रभाती परिड़ा के साथ कई विधायक भी शामिल थे।

मुख्यमंत्री माझी ने बीजू पटनायक को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें एक दूरदर्शी नेता बताया, जिनका जीवन संघर्ष, साहस और जनता की सेवा के प्रति समर्पण से परिपूर्ण था। उन्होंने कहा कि बीजू पटनायक का जीवन राज्य और उसके लोगों के कल्याण तथा विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “बीजू बाबू ने गरिमा और स्वाभिमान के साथ जीवन जिया और हमेशा ओडिशा तथा यहां के लोगों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।”
उन्होंने यह भी कहा कि बीजू पटनायक के सपने और राज्य के लिए उनकी दूरदृष्टि आज भी उतनी ही प्रासंगिक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके कई सपने अभी अधूरे हैं, लेकिन राज्य सरकार उन्हें साकार करने और एक समृद्ध व विकसित ओडिशा के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
—-
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
