पश्चिम बर्दवान, 05 मार्च (हि. स.)। हावड़ा जीआरपी के अंतर्गत अंडाल जीआरपी थाना की टीम ने सतर्कता दिखाते हुए लैपटॉप, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा एक बैकपैक बरामद कर उसके असली मालिक को वापस सौंप दिया।

गुरुवार को रेलवे पुलिस की ओर से जारी बयान में मुताबिक, चार मार्च की रात ड्यूटी के दौरान अंडाल जीआरपी थाना के तहत दुर्गापुर स्टेशन स्थित रेलवे पुलिस जांच केंद्र की टीम प्लेटफॉर्म इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान दुर्गापुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर, आसनसोल की ओर जाने वाले छोर पर एक काला बैकपैक पड़ा मिला। बैग की जांच करने पर उसमें एक डेल कंपनी का लैपटॉप, एक मोबाइल फोन और पहचान संबंधी महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए। दस्तावेजों के आधार पर बैग के मालिक की पहचान पश्चिम बर्दवान निवासी परगत सिंह के रूप में हुई।

सूचना मिलने पर और आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बैकपैक उसके असली मालिक को सौंप दिया गया। जांच में पता चला कि परगत सिंह ट्रेन संख्या 12351 अप, हावड़ा–राजेंद्रनगर एक्सप्रेस में सवार हुए थे और उसी दौरान अनजाने में उनका बैकपैक दुर्गापुर स्टेशन पर छूट गया था।
जीआरपी की तत्परता से कीमती सामान सुरक्षित मिलने पर मालिक ने रेलवे पुलिस का आभार व्यक्त किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
