नवादा, 05 मार्च (हि. स.)नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के लेंगुरा पंचायत अंतर्गत दामोदरपुर गांव में गुरुवार को आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। बताया जाता है कि किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। घटना के दौरान अफरा-तफरी मच गई ।एक दर्जन लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोगों के सिर फट गए, जबकि अन्य को गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही रजौली पुलिस की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों पक्षों को अलग किया गया और स्थिति को शांत कराया गया। घायलों को तत्काल रजौली अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया। अस्पताल सूत्रोंका के मुताबिक सभी घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

घायलों में रोहित कुमार, प्रदीप कुमार, सुदाम कुमार, कमली देवी, नीरज कुमार, अनार देवी और संदीप कुमार शामिल हैं। सभी का इलाज कर उन्हें आवश्यक दवाएं दी गईं।
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे की ओर दौड़ते नजर आ रहे हैं। वीडियो के सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि मामले की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस कार्रवाई में जुट गई है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस सतर्कता बरत रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन
