हुगली, 05 मार्च (हि.स.)। हुगली जिले के शेवड़ाफुली रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार दोपहर आग लगने की घटना सामने आई। हालांकि जीआरपी और आरपीएफ की त्वरित कार्रवाई के कारण आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को करीब दोपहर 3:40 बजे शेवड़ाफुली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 3/4 के बैंडेल छोर पर रेलवे ट्रैक के पास एक परित्यक्त स्थान पर आग लग गई। यह जगह रेलवे की फेंसिंग के भीतर और ट्रैक से लगभग 25 फीट की दूरी पर स्थित है।

सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे और तुरंत दमकल विभाग को खबर दी। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब शाम 4:12 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सूखी झाड़ियों में आग लगने के कारण यह घटना हुई।
अधिकारियों के मुताबिक, आग की घटना के बावजूद ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहीं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
