यमुनानगर, 05 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर पुलिस चौकी बुढ़िया गेट की टीम ने 12 वर्षीय नाबालिग के साथ अशोभनीय हरकत करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने मामले में पोक्सो अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की।

चौकी प्रभारी जसपाल सिंह ने गुरुवार काे बताया कि क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि तीन मार्च को पड़ोस में आयोजित एक धार्मिक भंडारे में उसकी नाबालिग बेटी भी गई हुई थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब बच्ची घर लौट रही थी, उसी दौरान पड़ोस में रहने वाले युवक ने उसका पीछा किया और रास्ते में उसके साथ अनुचित व्यवहार किया। घटना से घबराई बच्ची ने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी जानकारी दी। परिजनों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया। शिकायत के आधार पर पोक्सो अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। चौकी प्रभारी के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एएसआई राजन के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पंकज पुत्र अरुण कुमार को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
