जबलपुर, 05 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक युवक का शव नाले में कीचड़ में धंसा हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। बाद में पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान कर ली।

संजीवनी नगर पुलिस के अनुसार, रेलवे केबिन के पहले नाले में एक शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि शव का सिर कीचड़ में धंसा हुआ था। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया, लेकिन मौके पर मौजूद लोग उसकी पहचान नहीं कर सके।
इसी दौरान सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव की पहचान रूपलाल पटेल के रूप में की। परिजनों ने बताया कि रूपलाल शराब का आदी था और अक्सर घर से बाहर इधर-उधर घूमता रहता था। वह बुधवार रात से घर नहीं लौटा था, जिसके बाद से परिवार उसकी तलाश कर रहा था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मामला दुर्घटना का माना जा रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक
