धमतरी, 07 मार्च (हि.स.)।इन दिनों रसीले फलों की आवक शुरू हो गई है। धमतरी शहर में लगभग सप्ताह भर से तरबूज पहुंच रहे हैं। तरबूज की आवक होने के साथ ही साथ चौक-चौराहों पर इसे बिकते हुए देखा जा सकता है। वर्तमान में तरबूज अलग-अलग आकार के हिसाब से बिक रहे हैं। फुटकर विक्रेताओं ने अपने हिसाब से 50 रुपये से लेकर डेढ़ सौ रुपये तक की कीमत लगा रखी है। थोक सब्जी बाजार में यह 20 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रहा है।

धमतरी इस शहर में राजिम के अलावा अन्य शहरों से तरबूज की आवक शुरू हो गई। शहर के चौक-चौराहों के साथ ही साथ आसपास के गांवों में भी फुटकर विक्रेताओं के द्वारा तरबूज बिकने के लिए पहुंच रहा है। फुटकर विक्रेता चेतन साहू ने बताया कि गर्मी सीजन में हर साल काफी संख्या में तरबूज बेंचते हैं। राजिम व रायपुर के थोक विक्रेताओं के पास आर्डर देते हैं। आर्डर देते ही तरबूज की खेप यहां पहुंच जाती है।
एक अन्य विक्रेता लोकेश साहू ने बताया कि सीजनल फलों का अलग ही व्यवसाय होता है। तरबूज, ककड़ी, आम जैसे रसीले फलों की डिमांड सीजन में होती है। तरबूज की आवक अभी सीमित है। आने वाले दिनों में आवक बढ़ते ही इसकी कीमतों में भी कमी हो जाएगी। शहर से बाहर से फल की आपूर्ति कम होने के चलते फलों के दाम बढ़े हुए हैं, इसके चलते लोग चाहकर भी अधिक मात्रा में फलों की खरीदी नहीं कर पा रहे हैं। विक्रेताओं का कहना है कि गर्मी सीजन में आवक सही नहीं होने की स्थिति में फलों के दाम बढ़ जाते हैं। फल की आपूर्ति बढ़ने के बाद ही फल की कीमतें कम हो पाएंगी। आम की आवक शुरू होने के बाद अन्य फलों की कीमत में कमी आएगी।
रायपुर, दुर्ग, भिलाई से होती है फ़ल की आवक:
मालूम हो कि धमतरी शहर में राजधानी रायपुर, दुर्ग, भिलाई से फ़ल की आवक होती है। थोक मार्केट से होते हुए यह फल फुटकर विक्रेताओं तक पहुंचता है। इसके बाद आम लोगों तक फल पहुंचता है। इन दिनों तेज गर्मी की शुरुआत हो गई है। गर्मी और शादी सीजन में रसीले फलों की डिमांड बढ़ने के कारण फलों की कीमतों में भी पहले से उछाल आ गया है। 30 से 40 रुपये दर्जन के भाव से बिकने वाला केला 50 से 60-70 रुपये दर्जन में बिक रहा है। मार्केट में सेब 90 रुपये से बढ़कर 120-130 रुपये हो गया है। इसी तरह अनार- 80-100 रुपये से, चीकू 80-100, अंगूर-120 से 160 रुपये, अंगूर काला 150 रुपये से 200 रुपये हो गया है। इसी तरह अन्य फलों की कीमतों में बढ़ी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
