जलपाईगुड़ी, 07 मार्च (हि. स.)। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए तृणमूल कांग्रेस की ओर से डुआर्स, तराई और पहाड़ क्षेत्रों में संयुक्त प्रचार करने की तैयारी शुरू हो गई है। तृणमूल नेता जॉन बारला और विष्णु प्रसाद शर्मा इन इलाकों में मिलकर चुनाव प्रचार करेंगे।

बताया जा रहा है कि हाल ही विष्णु प्रसाद शर्मा, जॉन बारला के लक्ष्मीपाड़ा चाय बागान स्थित घर पहुंचे थे, जहां दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक बंद कमरे में चर्चा हुई।
जॉन बारला ने कहा कि विष्णु प्रसाद कर्सियांग क्षेत्र में काफी लोकप्रिय है और उनका मजबूत जनाधार है। इसी वजह से दोनों ने मिलकर तृणमूल के पक्ष में प्रचार शुरू करने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि वे आदिवासी, गोरखा सहित सभी समुदायों के बीच जाकर राज्य सरकार के विकास कार्यों को लोगों तक पहुंचाएंगे। इसके अलावा पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, उसे वे पूरी तरह निभाएंगे।
भाजपा छोड़कर तृणमूल में शामिल होने के बाद जॉन बारला इस समय राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष है। वहीं, कमल चिन्ह पर कर्सियांग सीट से जीतकर विधायक बने विष्णु प्रसाद शर्मा भी अब सत्तारूढ़ दल में शामिल हो चुके है।
राजनीतिक हलकों की नजर इस बात पर टिकी है कि आगामी विधानसभा चुनाव में यह नई जोड़ी डुआर्स और पहाड़ी इलाकों में कितना असर डाल पाती है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
