सोनभद्र, 08 मार्च (हि.स.)। वर्ष 2026 में प्रस्तावित जनगणना में आदिवासी समाज के लिए अलग कॉलम शामिल किए जाने की मांग को लेकर आदिवासी संगठनों और रोजगार सामाजिक अधिकार अभियान द्वारा 10 मार्च को लखनऊ के ईको गार्डन में ध्यानाकर्षण कार्यक्रम करेंगे। इसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आदिवासी समाज के लोग भाग लेंगे।

इस कार्यक्रम के संयोजक इंजीनियर रामकृष्ण बैगा ने बताया कि आदिवासी समाज का मानना है कि उनकी अपनी विशिष्ट आस्था, परंपराएँ और जीवन पद्धति है, जिसे किसी अन्य धर्म की श्रेणी में नहीं रखा जा सकता। इसलिए जनगणना में अलग “आदिवासी धर्म कॉलम” का प्रावधान किया जाना आवश्यक है, ताकि उनकी वास्तविक जनसंख्या और पहचान का सही आकलन हो सके।
इसी मांग को लेकर 10 मार्च को लखनऊ में कार्यक्रम हाेगा। इस कार्यक्रम के लिए पिंटू आदिवासी, इं. राम कृष्ण बैगा, प्रधान योगेन्द्र गोंड, द्वारिका प्रसाद गोड़ तथा कोड़ियां के रविशंकर गोड़ संपर्क कर रहे हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी
