पौड़ी गढ़वाल, 09 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में जनपद मुख्यालय पौड़ी के विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “मां को समर्पित” रखी गई, जिसके माध्यम से समाज और परिवार के निर्माण में मां और महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर बालिका स्वस्ति द्वारा दीप मंत्र का मधुर गायन किया गया, जिससे सभागार में सकारात्मक और गरिमामय वातावरण बना। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने अतिथियों को पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया।
वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से अतिथियों का अभिनंदन किया गया, जिसने कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभाशाली बालिकाओं चुलबुली प्रभा रावत तथा स्वस्ति को सम्मानित किया गया। दोनों बालिकाओं ने महिला दिवस के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए अपने सरल, प्रेरणादायक और मासूम शब्दों से उपस्थितजनों का मन मोह लिया।
उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम को विशेष रूप से भावनात्मक और प्रेरक बना दिया। इस अवसर पर शिक्षा, समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 60 महिलाओं को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि हमें ऐसा वातावरण बनाना होगा जहां सभी को समान अवसर मिलें और हर व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार समाज के विकास में योगदान दे सके। यही सच्चे अर्थों में समानता और सशक्त समाज की पहचान है। कार्यक्रम को विशेष और भावनात्मक स्वरूप देने के लिए मातृभाषा गढ़वाली को भी सम्मानपूर्वक स्थान दिया गया। कार्यक्रम में प्रदान किए गए प्रमाणपत्रों को गढ़वाली भाषा में तैयार किया गया, जिससे स्थानीय भाषा और संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन का संदेश भी दिया गया।
इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, श्वेता कठैत, प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, पीडी डीआरडीए विवेक उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर आदि शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह
