बागपत, 09 मार्च (हि.स.)। शासन ने साेमवार काे उत्तर प्रदेश में बागपत जनपद के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बृजेंद्र शुक्ल को उनके पद से हटा दिया है। प्रभारी मंत्री जसवंत सैनी की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। सीडीओ को शासन ने मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है।

बागपत सीडीओ के खिलाफ कार्यों में लापरवाही की शिकायतें लखनऊ तक पहुंच गई। ग्राम विकास अधिकारी, क्षेत्र पंचायत अधिकारियों ने भी उनके खिलाफ तीन दिन तक जिला मुख्यालय पर धरना दिया था। विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान भी प्रभारी मंत्री जसवंत सैनी को उनकी लापरवाही और शिकायतें मिली थी।
इसके बाद प्रभारी मंत्री जसवंत सैनी ने इस संबंध में शासन को पत्र लिखकर सीडीओ के कार्यों पर नाराजगी जताते हुए जिले से हटाने का आग्रह किया गया था। पत्र का संज्ञान लेकर शासन स्तर पर मामले की समीक्षा की गई, जिसके बाद सीडीओ काे उनके पद से हटा दिया है। फिलहाल बागपत में नए सीडीओ की तैनाती की सूचना अभी तक नहीं मिली है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी
