वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने दी जानकारी

मुरादाबाद, 09 मार्च (हि.स.)। होली पर्व 2026 के अवसर पर यात्रियों की बढ़ी हुई आवाजाही को ध्यान में रखते हुए मुरादाबाद रेल मंडल द्वारा विशेष प्रबंध किए गए, जिसके परिणामस्वरूप इस वर्ष यात्रियों की बुकिंग और राजस्व दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
मंडल के स्टेशनों से इस वर्ष होली पर्व 2026 के दौरान कुल 10,73,850 यात्रियों ने यात्रा के लिए टिकट बुक कराए। यह संख्या पिछले वर्ष होली पर्व 2025 के दौरान बुक किए गए 10,06,673 यात्रियों की तुलना में लगभग सात प्रतिशत अधिक है।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने सोमवार को बताया कि इस वर्ष त्योहार के दौरान यात्रियों की आवाजाही में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। राजस्व की दृष्टि से भी मंडल को इस वर्ष सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुए हैं।
सीनियर डीसीएम के अनुसार होली पर्व 2026 के दौरान यात्रियों की बुकिंग से कुल 19,13,29,551 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो कि पिछले वर्ष होली पर्व 2025 के दौरान प्राप्त 18,69,38,116 रुपये के राजस्व की तुलना में लगभग 2 प्रतिशत अधिक है। यात्रियों को त्योहार के दौरान सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा विशेष प्रबंध किए गए। बढ़ी हुई भीड़ को नियंत्रित करने तथा यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस वर्ष होली पर्व के दौरान कुल 80 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया। यात्रियों के होली उपरांत वापसी यात्रा को ध्यान में रखते हुए माह मार्च’26 एवं अप्रैल’26 में भी गाड़ियों का संचालन किया जा रहा है I स्पेशल गाड़ियों के संचालन के साथ अनेक नियमित गाड़ियों में अतिरिक्त कोच भी लगाये गए हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने कहा कि रेलवे प्रशासन द्वारा स्टेशनों पर अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती, भीड़ प्रबंधन, टिकट जांच व्यवस्था तथा यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल
