
औरैया, 10 मार्च (हि. स.)। पंचायती राज मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से 11 मार्च 2026 को नई दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में निर्वाचित महिला पंचायत प्रतिनिधियों का एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में जनपद औरैया की दो महिला ग्राम प्रधान प्रतिभाग करेंगी।

कार्यालय जिला पंचायत राज अधिकारी औरैया द्वारा जारी पत्र के अनुसार ग्राम पंचायत जगतपुर (अजीतमल) की ग्राम प्रधान श्रीमती साधना सरगम तथा ग्राम पंचायत ककराही (भाग्यनगर) की ग्राम प्रधान श्रीमती रंजना को सम्मेलन में शामिल होने के लिए अधिकृत किया गया है। यह निर्देश निदेशक पंचायतीराज, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पत्र के क्रम में जारी किए गए हैं।
जिला पंचायत राज अधिकारी एस.के. यादव ने दोनों महिला प्रधानों को निर्देशित किया है कि वे 11 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित सम्मेलन में समय से पहुंचकर अनिवार्य रूप से प्रतिभाग सुनिश्चित करें।
सम्मेलन में देशभर से आई महिला पंचायत प्रतिनिधियों के साथ पंचायत व्यवस्था को सशक्त बनाने, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
कार्यक्रम से संबंधित किसी भी जानकारी या सहयोग के लिए मेरठ मंडल के कार्यालय सहायक शिव कुमार से संपर्क किया जा सकता है। इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), खंड विकास अधिकारी तथा मुख्य विकास अधिकारी औरैया को भी सूचना भेजकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार
