गुवाहाटी, 10 मार्च (हि.स.)। असम सरकार ने चाय बागानों में काम करने वाले श्रमिकों की दैनिक मजदूरी में 30 रुपये की बढ़ोतरी की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को इस फैसले की पुष्टि करते हुए बताया कि बढ़ी हुई मजदूरी आज से लागू हो गई है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि चाय बागानों में काम करने वाले श्रमिकों की मेहनत में असम की मिट्टी की खुशबू बसती है। उनके सम्मान और विकास को ध्यान में रखते हुए सरकार ने उनकी रोज़मर्रा की मजदूरी में वृद्धि करने का महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 से लगातार चाय श्रमिकों की मजदूरी में बढ़ोतरी की जा रही है और उनके अधिकारों तथा सम्मान को सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार की पहल जारी है। उन्होंने कहा कि चाय श्रमिकों के कल्याण और विकास के लिए सरकार भविष्य में भी ऐसे कदम उठाती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2021 से अब तक मजदूरी में की गई वृद्धि का वर्षवार विवरण भी साझा किया है। इसमें ब्रह्मपुत्र घाटी और बराक घाटी के लिए मजदूरी दर में की गई बढ़ोतरी को अलग-अलग दर्शाया गया है।
नई दर के अनुसार,अब ब्रह्मपुत्र घाटी के चाय श्रमिकों को प्रतिदिन 280 रुपये और बराक घाटी के श्रमिकों को 258 रुपये मजदूरी मिलेगी। सरकार का कहना है कि इस फैसले से राज्य के हजारों चाय श्रमिक परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
————-
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
