गुवाहाटी, 10 मार्च (हि.स.)। ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के अध्यक्ष बदरुद्दीन अजमल ने कांग्रेस पार्टी पर आरोप लगाया है कि कांग्रेस परोक्ष रूप से असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता में वापस लाने में मदद कर रही है।

एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद मीडिया से बातचीत में अजमल ने कहा कि उनकी पार्टी का मुख्य उद्देश्य राज्य से भाजपा को सत्ता से हटाना है, लेकिन कांग्रेस विपक्ष की भूमिका निभाने में विफल रही है और इससे सत्ताधारी दल को फायदा मिल रहा है।
अजमल ने कहा, “हमारा लक्ष्य भाजपा को सत्ता से हटाना है, लेकिन कांग्रेस उन्हें फिर से सत्ता में वापस आने में मदद कर रही है।” उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कई विधायक पहले ही पाला बदलकर भाजपा में शामिल हो चुके हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि कांग्रेस पार्टी भाजपा को प्रभावी चुनौती देने में असमर्थ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक कांग्रेस के आठ विधायक भाजपा में शामिल हो चुके हैं और इस स्थिति में कांग्रेस को भाजपा की “ए टीम” कहा जा सकता है।
एआईयूडीएफ अध्यक्ष का यह बयान ऐसे समय में आया है जब राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। विपक्षी दल भाजपा का मुकाबला करने को लेकर एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
हालांकि कांग्रेस पार्टी पूरे विपक्ष को एकजुट कर विधानसभा चुनाव लड़ने का दावा कर रही है, लेकिन वर्तमान में उसके गठबंधन में कांग्रेस सहित केवल चार दल ही शामिल हैं। ऐसे में अन्य विपक्षी दल कांग्रेस की रणनीति पर सवाल उठा रहे हैं और विपक्ष की एकजुटता में दरार साफ दिखाई दे रही है।———
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
