जयपुर, 10 मार्च (हि.स.)। जयपुर के बजाज नगर क्षेत्र में सोमवार रात गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक की चपेट में आने से नागालैंड की एक युवती की मौत हो गई। हादसे के बाद राजस्थान पुलिस के एक्सीडेंट थाना (ईस्ट) ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।

हेड कॉन्स्टेबल दिलीप सिंह के अनुसार मृतका की पहचान नागालैंड निवासी 22 वर्षीय लिगा जिमो के रूप में हुई है। वह पिछले करीब दो वर्षों से जयपुर के मालवीय नगर में किराए से रहकर पार्लर में काम करती थी।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब 10 बजे वह टैक्सी बाइक से सिंधी कैंप से मालवीय नगर स्थित अपने घर जा रही थी। इस दौरान गोपालपुरा बाइपास पर पुलिया पर चढ़ते समय बाइक चालक ने अचानक नीचे की ओर मोड़ लिया, जिससे युवती असंतुलित होकर बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे एचपी गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक ने उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर
