
इंदौर, 10 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदाैर शहर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गली नंबर-3 में रहने वाले एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई ।

मृतक की पहचान 43 वर्षीय एकनाथ वाघ के रूप में हुई है, जबकि उसकी पत्नी रोहिणी (38) का शव घर के दूसरे कमरे में संदिग्ध हालत में मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि एकनाथ ने सो रही पत्नी का मुंह दबाकर उसकी हत्या की और बाद में फंदे पर झूल गया। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
बच्चों ने देखा पिता को फंदे पर
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे एकनाथ ने अपने दोनों बेटों मोहित (17) और मयंक (13) को दूध लेने के लिए भेज दिया था। करीब 20 मिनट बाद जब दोनों बच्चे लौटे तो उन्होंने पिता को फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया। इसके बाद बच्चों ने परिजनों और पड़ोसियों को सूचना दी।
पत्नी के शव के पास टूटी चूड़ियां मिलीं
पुलिस को मौके से रोहिणी के शव के पास टूटी हुई चूड़ियां भी मिली हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि पति-पत्नी के बीच संघर्ष हुआ होगा। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार एकनाथ पहले ऑटो मैकेनिक का काम करता था, लेकिन ई-रिक्शा बढ़ने के बाद उसका काम प्रभावित हो गया। इसके बाद वह शेयर मार्केट के काम से जुड़ गया था। बताया जा रहा है कि इसमें उसे भारी नुकसान हुआ और उसकी बचत का पैसा डूब गया।
आर्थिक तंगी से जूझ रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक आर्थिक परेशानी के चलते दंपती ने अपने दो मकान भी बेच दिए थे। पहले जीवन की फेल क्षेत्र में स्थित मकान करीब 9 लाख रुपए में बेचा गया और बाद में एमआर-10 क्षेत्र का दूसरा मकान करीब 6 लाख रुपए में बेच दिया गया। फिलहाल परिवार करीब डेढ़ साल से परदेशीपुरा क्षेत्र में किराए के कमरे में रह रहा था।
भाई ने बताया—कर्ज को लेकर था परेशान
मृतक के बड़े भाई संतोष ने बताया कि एकनाथ काफी समय से कर्ज को लेकर परेशान था। मंगलवार को उनका जन्मदिन था। सुबह भतीजे का फोन आया तो लगा कि वह जन्मदिन की बधाई देगा, लेकिन उसने भाई की मौत की दुखद खबर दी।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस के अनुसार घर के नीचे मकान मालिक रहते हैं और रात में घर में किसी बाहरी व्यक्ति के आने-जाने की जानकारी नहीं मिली है। बच्चों के मुताबिक रात में घर का माहौल सामान्य था। एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
