यमुनानगर, 10 मार्च (हि.स.)। अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौते के विरोध में किसानों का आंदोलन तेज होता दिखाई दे रहा है। इसी कड़ी में यमुनानगर में भारतीय किसान यूनियन((चढूनी)के आह्वान पर किसानों ने मंगलवार काे ट्रैक्टर मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, जगाधरी क्षेत्र के किसान सुबह करीब दस बजे अपने ट्रैक्टरों के साथ जगाधरी अनाज मंडी में एकत्रित हुए। इसके बाद किसानों ने ट्रैक्टरों के काफिले के साथ शहर में मार्च करते हुए तहसील कार्यालय और उपायुक्त कार्यालय की ओर प्रस्थान किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों द्वारा केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। किसानों ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर पहुंचकर अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौते की प्रतियां जलाकर विरोध दर्ज कराया। किसानों का कहना है कि इस प्रकार के समझौते देश के छोटे और मध्यम वर्ग के किसानों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं। भारतीय किसान यूनियन(चढूनी) के जिला अध्यक्ष संजू गुन्दियाना ने कहा कि यदि विदेशी कृषि उत्पादों को बड़े पैमाने पर भारतीय बाजार में प्रवेश मिला तो इसका सीधा प्रभाव देश के किसानों की आय और उनकी फसलों के दाम पर पड़ेगा। उन्होंने बताया कि अमेरिका में बड़े पैमाने पर कृषि भूमि रखने वाले किसान आधुनिक संसाधनों के साथ खेती करते हैं, जबकि भारत में अधिकांश किसान सीमित जमीन पर खेती कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में विदेशी कृषि उत्पादों के आयात से भारतीय किसानों के सामने प्रतिस्पर्धा की गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है। इसी मुद्दे को लेकर किसान लगातार विरोध दर्ज करा रहे हैं।
किसान नेताओं ने बताया कि आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए 23 मार्च को पिपली अनाज मंडी में बड़ी किसान रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेशभर से किसान भाग लेंगे। ट्रैक्टर मार्च में आसपास के गांवों से भी किसान अपने वाहनों के साथ बड़ी संख्या में पहुंचे।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार
